|
Ohh Mother !!
दोस्तो , १० जनवरी को मैं जैसे ही दिल्ली एअरपोर्ट पर लैंड हुआ, मैंने वही नजदीक मे एक बहुत ही दर्द विदारक द्रश्य देखा । एक दुबली पतली औरत कोयले के पत्थरों को हथोडे के प्रहार से छोटा छोटा कर रही थी । उस समय दिल्ली का तापमान ४ से ५ डिग्री रहा होगा । उसका ५-६ महीने का बच्चा वही जमीन पर टाट (बोरी) के टुकडे मे लिपटा हुआ था । ये देखकर मैं सारी रात चैन से नही सोया, और उसी वक्त मैंने ये रचना लिखी ।
ये भारत माँ अभी निर्वस्त्र है , कपड़े कहाँ तेरे , देखकर कांप उठता तन , अश्रु बहते है अब मेरे ।
ऐ प्रकृति क्या तुझे सूझी , ये कैसा शीत लायी है , ये माँ नवजात शिशु को अंग से यूं भींच लायी है । है धोती एक मैली सी , जिसे तन पर सजाया है , उसी का एक पल्लू ही , तेरे मुन्ने पे छाया है । चले जब शीत लहरें तो , रक्त होता गरम तेरा , तेरा शिशु कांपकर चिपके , कौन समझे मर्म तेरा ।
तेरा तो है विधाता ही , ये दोनों ही जहाँ तेरे , ये भारत माँ अभी निर्वस्त्र है , कपड़े कहाँ तेरे , देखकर कांप उठता तन , अश्रु बहते है अब मेरे।
अभी दिल्ली मे देखा था तुझे , तू काम करती थी , तू पत्थर तोड़ती थी , फिर किसी गड्ढे मे भरती थी । वही नजदीक ही बच्चा तेरा बोरे मे लिपटा था , बड़ा ही शांत था , वो मौन था , चुपके से लेटा था। वो शायद देखता था , माँ तेरे बलिदान की सीमा , वो देगा सुख तुझे सारे , बनेगा तेरा आइना ।
वो ख़ुद को भूलकर , अहसास करता कष्ट सब तेरे, ये भारत माँ अभी निर्वस्त्र है , कपड़े कहाँ तेरे , देखकर कांप उठता तन , अश्रु बहते है अब मेरे ।
कि अब मैं सोचता हक़ क्या मेरे कपडे पहनने का , ये सारे सूट और स्वेटर नए , नित ही बदलने का । ये कैसी भूल है मेरी , मैं उनको भूल जाता हूँ , मैं मेरे देशवासी से क्यों इतना दूर जाता हूँ । आज से मैं भी उतने वस्त्र ही पहनूँगा जीवन मे, अगर पहना नहीं सकता मैं कुछ निर्वस्त्र के तन पे ।
ये झूठी शान पर अब से नहीं अधिकार कुछ मेरे , ये भारत माँ अभी निर्वस्त्र है , कपड़े कहाँ तेरे , देखकर कांप उठता तन , अश्रु बहते है अब मेरे ।
------श्रेय तिवारी , मुम्बई
|
|